केएमपी एक्सप्रेस-वे पर हुई वारदात, माल लेकर बदमाश फरार
राजस्थान से हिमाचल जा रहा था कैंटर, दो युवकों से रास्ता पूछने पर हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। केएमपी एक्सप्रेस-वे पर हथियारबंद बदमाशों ने एक माल से भरे कैंटर को लूट लिया। लुटेरों ने कैंटर ड्राइवर को बंधक बनाकर खेतों में फेंक दिया और लाखों रुपये का माल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान के बारां जिले का रहने वाला कन्हैया आइशर कैंटर में कांच का स्क्रैप लादकर हिमाचल की ओर जा रहा था। पलवल टोल प्लाजा से पहले उसने दो युवकों से रास्ता पूछा। दोनों ने उसी दिशा में जाने की बात कही और लिफ्ट मांग ली। ड्राइवर ने उन्हें कैंटर में बैठा लिया।
रास्ते में ममता ढाबे पर खाना खाने के लिए कन्हैया ने गाड़ी रोकी। वहां से निकलने के बाद दोनों युवक फिर लौट आए और आगे तक छोड़ने का आग्रह किया। पीपली टोल के पास पहुंचने पर एक युवक ने कट्टा निकाल लिया और कन्हैया की कनपटी पर लगा दिया। दोनों ने उसके हाथ बांध दिए और कैंटर लेकर भाग निकले। ड्राइवर के शोर मचाने पर बदमाशों ने उसे रास्ते में फेंक दिया और कैंटर सहित माल लेकर फरार हो गए।
हथीन थाना प्रभारी हरी किशन ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर ईस्ट सोनीपत से आई जीरो एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस लुटेरों की तलाश में जुटी है।