मेवात के लोगों को बेहतर परिवहन सेवाएं देने के लिए हथीन में करोड़ों रुपये की लागत से बनाया बस अड्डा भवन आज पूरी तरह से सफेद हाथी बना खड़ा है। बस अड्डा तो है, परंतु उसमें आज तक परिवहन निगम की बस तो दूर सरकार द्वारा अधिकृत निजी बसें भी नहीं खड़ी होती हैं। बस अड्डा परिसर के अंदर ही कोई बस नहीं जाती है।
परिसर केवल अवैध वाहनों, ट्रकों व रेहड़ियों खड़ी करने के काम आता है या उसमें आवारा पशु विचरण करते नजर आते हैं। करोड़ों रुपये का इस कदर दुरुपयोग हो रहा है, लेकिन न तो सरकार का इस तरफ ध्यान है और न ही परिवहन निगम का। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को परिवहन सेवाओं का लाभ ही नहीं मिल पा रहा है। बस अड्डा भवन के हालात ये हैं कि परिवहन विभाग की तरफ से आज तक यहां स्टाफ तैनात नहीं किया गया है। लोगों द्वारा पूछने पर केवल एक ही जवाब मिलता है
कि स्टाफ की कमी है। इतना ही नहीं, कोई सफाई कर्मचारी तक नहीं है, जिसके चलते परिसर भवन में गंदगी का आलम है।
बदतर हालत में शौचालयों की हालत है। वहीं परिसर के मुख्य द्वार पर इतना ज्यादा अतिक्रमण है कि द्वार ही नहीं दिखाई देता है। रात को रेहड़ी वाले व अन्य दुकानदार अपने सामान को परिसर भवन में रख जाते हैं तथा आवारा पशु रात को आराम फरमाते हैं।
सीएम विंडो पर की शिकायत
राष्ट्रीय आर्य क्षत्रिय सभा ने सीएम विंडो पर शिकायत देकर मांग की है कि हथीन के बस अड्डा को सुचारु रूप से चलाया जाए। यहां स्टाफ की नियुक्ति की जाए तथा बसों का परिचालन यहीं से किया जाए। सीएम विंडो पर दी शिकायत में सभा के जिलाध्यक्ष गजराज आर्य ने बताया कि इस बस अड्डे के अंदर कोई भी बस नहीं जाती और न ही कोई बस रुकती है। उन्होंने मांग की कि हथीन बस अड्डे पर बसों का स्थायी ठहराव बनाया जाए तथा बसों के लिए जो बूथ बनाए गए हैं, उन्हीं बूथों से बसों का संचालन किया जाए। शिकायत में कहा गया है कि बस अड्डे की हालत लगातार खराब होती जा रही है तथा बस अड्डे के शौचालयों व कार्यालय की जर्जर होती हालत को सुधारा जाए। उन्होंने शिकायत में कहा है कि इस बारे में हथीन थाना प्रभारी को भी लिखित शिकायत दी गई है।
आदेश जारी किए
सीएम विंडो पर शिकायत दिए जाने के बाद परिवहन निगम के महाप्रबंधक एनके गर्ग ने तुरंत संज्ञान लेते हुए दो कर्मचारी, एक स्टैंड इंचार्ज तथा एक सफाई कर्मचारी तैनात करने के आदेश जारी कर दिए हैं।