निर्माणाधीन दुकानें, डीपीसी, बाउंड्री वॉल, सड़क नेटवर्क और खंभे किए ध्वस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने बुधवार को पलवल में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही चार अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान चार निर्माणाधीन दुकानें, करीब 80 डीपीसी, 10 से 15 बाउंड्री वॉल, सड़क नेटवर्क तथा बिजली के खंभों को ध्वस्त कर दिया गया।
विभाग ने यह कार्रवाई जिला प्रशासन, पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हरियाणा शहरी क्षेत्र विकास एवं विनियमन अधिनियम, 1975 के तहत की। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ।
जिला नगर योजनाकार अनिल मलिक ने बताया कि अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी सख्ती से अभियान जारी रहेगा, ताकि भू-माफिया अपने मंसूबों में सफल न हो सकें। उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए अवैध कॉलोनियों में चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा चुके हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि भू-माफियाओं के झांसे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें।