संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। मुख्यमंत्री की 25 जुलाई को प्रस्तावित रैली से पहले नूंह नगर परिषद ने बृहस्पतिवार को पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में एनएच-248ए सहित शहर के प्रमुख बाजारों व सड़क किनारे बने 200 से अधिक अस्थायी खोखे, टीन शेड और अन्य अतिक्रमण हटाए थे। कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया, हालांकि प्रशासन की सख्ती के चलते कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान और ढांचे हटा लिए। हालांकि, शुक्रवार को उन्होंने फिर से अतिक्रमण कर लिया।
नगर परिषद के एसडीओ एवं पालिका अभियंता जयपाल ने बताया कि कार्रवाई से दो दिन पहले अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय तक पालन नहीं होने पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई करनी पड़ी।
नगर परिषद चेयरमैन संजय मनोचा ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि आम लोगों को यातायात और आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। हालांकि अगले ही दिन दोबारा अतिक्रमण होने से नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं।