संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। सूंध गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर मंगलवार को नौवां राष्ट्रीय पोषण माह मनाया गया। सुपरवाइजर सिंपी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया गया। केंद्र पर सही पोषण-देश रोशन के बैनर के माध्यम से स्वस्थ बच्चा-स्वस्थ भारत का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के लिए पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी।
सुपरवाइजर ने बताया कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी है। भोजन में हरी सब्जियां, दालें, मौसमी फल, दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने की सलाह दी गई। इस दौरान बच्चों की साफ-सफाई, हाथ धोने की आदत, स्वच्छ पेयजल तथा व्यक्तिगत स्वच्छता को लेकर भी जागरूक किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है। कार्यक्रम में सर्कल सुपरवाइजर सिंपी,निजी संस्था से सुमित, पिंकी और बुलबुल, राकेट लर्निंग से मुंसेब कटारिया तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूजा, बल्लो एवं माया ने सक्रिय भूमिका अदा की।