गुदराना में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार, दो वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। गांव गुदराना निवासी बीएसएफ के जवान राजकुमार कोलकाता में चुनाव ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। रविवार को गांव के युवा केएमपी से तिरंगा यात्रा निकालकर शहीद जवान के पार्थिव शरीर को लेकर गांव पहुंचे, जहां सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके दो वर्षीय बेटे भावेश ने उन्हें मुखाग्नि दी।
शुक्रवार को कोलकाता में ड्यूटी के दौरान उनके सीने में दर्द होने लगा। साथी जवान उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। शनिवार देर रात बीएसएफ मुख्यालय से परिजनों को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शोक की लहर दौड़ गई।
मां, पत्नी व बेटी बेसुध
पार्थिक शरीर जब घर पहुंचा तो जवान की बुजुर्ग मां सुनहरा, पत्नी मंगलिया व बेटी बृजेश बेसुध हो गई। बेटे भावेश की आंखें भी नम थीं। शहीद के छोटे भाई अशोक कुमार ने बताया कि तीन भाइयों में राजकुमार सबसे बड़े थे। वर्ष 1994 में वे बीएसएफ में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वह अमृतसर में 148वीं बटालियन में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर पोस्टेड थे। 16 मार्च को वे चुनाव ड्यूटी पर गए थे। विधायक हरेन्द्र सिंह, कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य देवेश कुमार व अन्य ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी।