संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीएससी की छात्रा भारती की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरस्वती महिला कॉलेज की छात्रा भारती अपने गांव मिंडकोला जाने के लिए बस स्टैंड पर खड़ी थी। वह बस का इंतजार कर रही थी, तभी पलवल-नूंह रूट की हरियाणा रोडवेज बस स्टैंड से बाहर निकली। बस चालक की लापरवाही के कारण भारती उसकी चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत भारती को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शहर थाना प्रभारी प्रकाश चंद ने बताया कि मृतका के चचेरे भाई रामशरण की शिकायत पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा