हथीन। शहर के वार्ड नंबर-दो से फिरोजपुर राजपूत जाने वाले मुख्य मार्ग पर टूटा हुआ सीवर मैनहोल राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। कई महीनों से शिकायतें किए जाने के बावजूद जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने इसकी मरम्मत नहीं कराई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। समाजसेवी गजराज आर्य ने बताया कि मैनहोल का ढक्कन टूटा हुआ है और स्लैब सड़क के स्तर से ऊपर उठी हुई है। रात के समय यह आसानी से दिखाई नहीं देता, जिससे कई वाहन चालक और राहगीर चोटिल हो चुके हैं। उन्होंने मामले की गुणवत्ता जांच कराने की मांग की है। वहीं, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ त्रिलोक मंगला ने बताया कि संबंधित जेई को मैनहोल की मरम्मत के निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही इसे ठीक करा दिया जाएगा। संवाद