संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। लघु सचिवालय स्थित सभागार में अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति की अध्यक्षता में ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ अभियान की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित हुई। उन्होंने बताया कि जिले में 9 से 17 अगस्त तक दोनों अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाए जाएंगे। उन्होंने सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों तथा आमजन से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। एडीसी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, कार्यालय और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज का सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण करे। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त तक पोर्टल पर राष्ट्रीय ध्वज ऑनलाइन क्विज में भाग लेकर ई-प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया जा सकता है। अभियान के दौरान तिरंगा यात्राएं, साइकिल रैलियां, तिरंगा कॉन्सर्ट, रंगोली प्रतियोगिताएं, प्रदर्शनी, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। बैठक में सभी विभागाध्यक्षों को अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।