पलवल। शादी समारोह में नाचने के दौरान हुई कहासुनी के चलते दो दर्जन से अधिक युवकों ने चार युवकों पर लाठी-डंडों व सरिये से हमला कर दिया व जान से मारने की धमकी देते हुए कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पांच नामजद व 10- 15 अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि दिल्ली के फतेहपुर बेरी के असोला निवासी सिद्धांत झा ने शिकायत दर्ज कराई है कि 25 फरवरी को वह दोस्त नरेंद्र के साले की शादी में गांव देवली आया हुआ था। बारात देवली गांव से पलवल में किठवाड़ी पुल के समीप आई थी। रात करीब दस बजे बारात में नाचते समय दूल्हे के मामा पक्ष के युवक गांव तिगांव निवासी राजू, आकाश, अंकित, बोना व तुषार के साथ उसकी कहासुनी हो गई। परिवार के सदस्यों ने उस समय बीच-बचाव करा दिया। उक्त युवक थोड़ी देर बाद अपने 10 - 15 अन्य साथियों के साथ आए और आते ही पीड़ित व उसके साथी शुभम, सतीश व दीपक पर लाठी-डंडों व सरियों से हमला कर दिया तथा कार को भी क्षतिग्रस्त कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।