सात आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से किया हमला, दो की हालत गंभीर
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। थाना क्षेत्र के मोहदमका गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के सात लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। घटना में एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पहलू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो अक्तूबर को वह खेत से चारा लेकर लौट रहा था, तभी अय्यूब, रफीक, आशिक और शाहिद ने उसे रास्ते में रोककर पुराने मुकदमे का फैसला अपने पक्ष में लिखवाने का दबाव बनाया। मना करने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।
कुछ देर बाद अय्यूब, रफीक, आशिक, शाहिद, नवाब, सैकुल और रफीकन लाठी-डंडे लेकर पहलू के घर पहुंच गए और गालियां देते हुए हमला कर दिया। पहलू को बचाने आए उसके बेटे अनफास, रहीस और भतीजी वसीमा को भी बेरहमी से पीटा गया। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से अनफास और वसीमा को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।