चाल चरित्र व मर्यादा की दुहाई देने वाली भाजपा के नेताओं को भी भीड़ जुटाने के लिए अश्लील नृत्यों का सहारा लेना पड़ रहा है। रविवार को गांव पृथला में प्रदेश सरकार की मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा की मौजूदगी में मंच पर महिला कलाकार ठुमके लगाती रही।
वहां मौजूद लोग भी मंच पर चढ़कर महिला कलाकारों का तालियों व सीटियों से साथ देते रहे। हद तो तब हो गई जब नृत्य करने वाली महिलाओं की तारीफ करते हुए महिला सीपीएस ने कहा कि इन लोगों ने मेहनत की है। दर्शकों को तालियां बजाकर उनका स्वागत करना चाहिए।
रविवार को गांव पृथला में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की सभा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा भी बतौर विशिष्ट मेहमान मौजूद थीं। केंद्रीय मंत्री गुर्जर के पहुंचने से पहले ही त्रिखा मंच पर पहुंच गई थीं। आयोजकों ने सभा में भीड़ इकट्ठा करने के लिए रागनियों का इंतजाम किया था। जनसभा में ग्रामीण क्षेत्र से महिलाएं, पुरुष व छोटे-छोटे बच्चे भी मौजूद रहे। आयोजकों ने अधिक भीड़ जुटाने के लिए मंच पर महिला कलाकारों के द्वारा अश्लील व शर्मनाक नृत्य कराए गए। सारा कार्यक्रम सीपीएस सीमा त्रिखा की मौजूदगी में चलता रहा, लेकिन वे मूकदर्शक बनी उनके नृत्य को देखती रहीं। बाद में मंत्री गुर्जर के आने के बाद महिला कलाकार वहीं साइड में मंच पर बैठ गईं।
----
-गांव के लोगों ने केंद्रीय मंत्री गुर्जर के सम्मान में सभा का आयोजन किया था। उसमें मुझे भी बुलाया गया था, मैं तो वहां 15-20 मिनट तक ही रही थी। आयोजकों ने सभा में रागनियों का भी आयोजन किया था। मेरे सामने तो महिलाओं के नृत्य नहीं हुए। मैं उनसे कुछ दूरी पर बैठी हुई थी, हां मुझे उनकी आवाज जरूर आ रही थी।
-सीमा त्रिखा, मुख्य संसदीय सचिव, हरियाणा सरकार।