चांदहट थाना क्षेत्र में पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर बेकाबू डंपर की टक्कर से फरीदाबाद निवासी एक बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। घटना सोमवार देर शाम की है, पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी निवासी सराजुद्दीन ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उनका 45 वर्षीय भाई बाबू खान सोमवार की शाम को बाइक पर सवार होकर टप्पल (यूपी) अपनी बेटी के घर जा रहा था। पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर यमुना पुल से पहले बाबू खान की बाइक को बेकाबू डंपर ने टक्कर मार दी। इस घटना में बाबू खान की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच अधिकारी के अनुसार घटना के बाद आरोपी चालक डंपर को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया।
जांच अधिकारी के अनुसार बाबू खान ने दुर्घटना के समय हेलमेट पहना हुआ था। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार डंपर को जब्त कर चालक की तलाश की जा रही है।