- वारदात को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात हमलावर
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अलीगढ़ रोड स्थित मीसा चौक पर बाइक सवार छात्र को गोली मार दी। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घायलावस्था में छात्र को फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। अभी तक मामले की शिकायत पुलिस को नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि घायल छात्र अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर के अनुसार उन्हें सूचना मिली कि मीसा चौक पर गोलीबारी हुई है, जिसमें गांव मीसा निवासी नितिन को दो गोलियां लगी हैं। वह तुरंत मौके पर पहुंचे और नितिन को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। नितिन की गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल छात्र को उपचार के लिए फरीदाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। नितिन को पीठ व कंधे में गोली लगी है। पुलिस घायल का बयान लेने अस्पताल पहुंची, परंतु वह बयान देने की स्थिति में नहीं है घायल नितिन के पिता रोहित ने बताया कि उसका बेटा नितिन 12वीं कक्षा में पढ़ता है। नितिन सोमवार को गांव जवां में अपनी बुआ के घर गया था। बाइक पर वापस लौटते समय मीसा चौक पर किसी अज्ञात हमलावर ने उसे गोलियां मार दीं। पुलिस को शिकायत दी जा रही है।
मनजीत, जीवन नगर