- डबचिक फ्लाईओवर के पास हुआ हादसा, पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। नेशनल हाईवे पर स्थित डबचिक पर्यटन स्थल के पास बने फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार बाप-बेटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई।
थाना प्रभारी सोमपाल ने बताया कि जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के गांव फालैन निवासी यशवंत ने शिकायत दी है कि उसके पिता राजेंद्र और 18 वर्षीय बहन शारदा किसी काम से पलवल आए थे। दोनों पलवल से अपने गांव लौट रहे थे। उनकी बाइक होडल डबचिक पर्यटक केंद्र के पास बने पुल पर पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने तुरंत दोनों को होडल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने शारदा को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके पिता का इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक युवती के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना में शामिल अज्ञात वाहन चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।