पलवल। आगरा चौक के पास एक तेज गति से आ रही बाइक ने ऑटो का इंतजार कर रही एक महिला और तीन साल के बेटे को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से भाग गया। दोनों घायलों का इलाज फरीदाबाद के अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने अब आरोपी बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दीप कॉलोनी धौलागढ़ मोड़ पलवल निवासी बबीता देवी ने थाना कैंप पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 अप्रैल 2025 को सुबह लगभग 11 बजे वह सास सविता देवी और तीन साल के बेटे दुष्यंत के साथ नर्सिंग होम के पास सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थीं। तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आए और सीधे मां-बेटे को टक्कर मार दी। हादसे में बबीता देवी और उनका बेटा दुष्यंत गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश होकर गिर पड़े। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बाइक का नंबर नोट कर लिया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बबीता देवी को गंभीर हालत में फरीदाबाद के अमृता हॉस्पिटल और बेटे को एसएसबी हॉस्पिटल, फरीदाबाद में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद बबीता देवी को 21 अप्रैल को डिस्चार्ज किया गया। घायल अवस्था के चलते वह तत्काल पुलिस को शिकायत नहीं दे सकीं। बबीता देवी के बेटे दुष्यंत को पांच चोटें आईं, जिनमें सिर और चेहरे पर गंभीर घाव शामिल हैं। वहीं, बबीता देवी को भी तीन जगह चोटें लगीं, जिसमें सिर और पैर पर टांके लगाने पड़े। संवाद