चांदहट थाना पुलिस की गिरफ्त में सुपारी लेकर व्यक्ति को गोली मारने के आरोपी।
- फोटो : Palwal
4.5 लाख में दी थी भाई को मारने की सुपारी, गिरफ्तार
पलवल। जमीनी विवाद में अपने बड़े भाई को मारने के लिए साढे़ चार लाख रुपये की सुपारी देने के मामले में चांदहट थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल फोन व रुपये बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चांदहट थाना प्रभारी के मुताबिक, 29 जून को गांव मोहना निवासी इंद्राज को दो बाइक सवार युवकों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। इंद्राज ने शिकायत दी थी कि वह अपनी प्रिंटिंग प्रेस का सामान खरीदकर अपने गांव लौट रहा था। गांव डाडौता के पास दो नकाबपोश बाइक सवारों ने उसकी छाती में गोली मार दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान 11 सितंबर को गांव मोहना निवासी मांगेराम से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मांगेराम ने बताया कि इंद्राज का उसके छोटे भाई मुकेश के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। मुकेश ने अपने भाई को जान से मारने के लिए उसे साढे़ चार लाख रुपये की सुपारी दी थी। मांगेराम ने गांव जल्हाका निवास मुकेश व हरफली निवासी कमल को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये देकर इंद्राज को मारने के लिए कहा था। मुकेश और कमल ने 26 जून को इंद्राज को गोली मार दी, लेकिन उसकी मौत नहीं हुई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कमल को बल्लभगढ़ और सुपारी देने वाले मोहना निवासी मुकेश को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया जबकि गांव जल्हाका निवासी आरोपी मुकेश किसी मामले में नीमका जेल में बंद है।