थाने में अपग्रेड हुईं दो चौकियां
पलवल। जिले में अब हर 15 किलोमीटर की दूरी पर थाना होगा। गदपुरी के बाद उटावड और मुंडकटी चौकी को भी प्रदेश सरकार की ओर से पुलिस थानों में अपग्रेड कर दिया गया है। मुंडकटी थाना में 11 गांव सदर और नौ गांव होडल के शामिल किए गए हैं जबकि उटावड थाना में बहीन क्षेत्र के 16 गांवों को शामिल किया गया है।
दोनों थानों के अपग्रेड होने के साथ ही जिले में अब 11 थाने हो गए हैं। मुंडकटी चौकी के अपग्रेड होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलवल जिले में पांच थाने हो गए हैं। जिनमें गदपुरी, यातायात थाना, कैंप थाना, सदर थाना और मुंडकटी थाना शामिल हैं। इनके अलावा होडल चौकी भी राजमार्ग पर ही स्थित है। इन दोनों थानों में ज्यादातर सदर थाने के गांवों को शामिल किया गया, जिससे इस थाने का बोझ काफी कम होगा।
ये गांव किए गए हैं शामिल
थाना मुंडकटी में मर्रोली, डकोरा, बंचारी, सोलाका, पालडी, सीहा, गुदराना, तुमसरा, खटैला, नंगला अहसानपुर, सराय, मित्रोल, औरंगाबाद, माफी जलालपुर, गोपालगढ़, श्रीनगर, सेवली, मानपुर, लोहिना व सौंदहद जबकि उटावड़ चौकी में गांव उटावड़, मालूका, मलाई, गुलेसरा, भीमसीका, जलालपुर, घुडावली, ढकलपुर, टोंका, चिल्ली, भूडपुर, जराली, मालपुरी, कुमरेहडा व रनियाला खुर्द आदि शामिल किए गए हैं। इससे पहले गदपुरी थाना में 33 गांव गदपुरी, सोफ्ता, हरफली, डूंडसा, सहराला, छपरौला, पृथला, असावटी, ततारपुर, जटौला, देवली, मांदकौल, जनौली, बघौला, दुधौला, धतीर, टहरकी, डूंगरपुर, सिकंदरपुर, नंगला भीकू, भुर्जा, मंदपुरी, कलवाका, देहलाका, चांदपुर, पारौली, जैंदापुर, अतरचटा, किशोरपुर, राजूपुर बांगर, आमरू, अल्लीका और मीरापुर शामिल किए गए थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग की बढ़ेगी सुरक्षा
पलवल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग की लंबाई करीब 50 किलोमीटर है। इस 50 किलोमीटर के दायरे में 5 पुलिस थाने व एक चौकी है। अपग्रेड हुए गदपुरी व मुंडकटी चौकी के बाद राजमार्ग की सुरक्षा बढ़ जाएगी। हर पांच किलोमीटर के दायरे में पुलिस तैनात रहने और गस्त बढ़ने से लूट व डकैती के मामलों में कमी आएगी। वहीं आए दिन लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। सड़क दुर्घटनाओं और ओवर स्पीड वाहनों पर भी लगाम लगेगी। सबसे ज्यादा फायदा मित्रोल और पृथला औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को होगा।
वर्जन-
गदपुरी के बाद अब मुंडकटी और उटावड़ को थाना बनाकर मुंडकटी को होडल और उटावड़ को बहीन थाने से अलग किया गया है। शुक्रवार को रेवाड़ी रेंज के एडीजीपी आरसी मिश्रा थानों का उद्घाटन करेंगे। दोनों थानों में 36 गांवों को शामिल किया है। नए थाने बनने से जिले में पुलिस कर्मियों की भी संख्या बढ़ेगी और अपराध पर भी काफी हद तक रोक लगेगी। - नरेंद्र बिजारनिया, पुलिस अधीक्षक