पलवल/पुन्हाना/तावडू। तावडू खंड की ग्राम पंचायत रानियाकी व पंचायत समिति के खाते से 1 करोड़ 60 लाख 70 हजार रुपये खुर्दबुर्द करने के आरोप में तावडू पुलिस ने शनिवार के तत्कालीन खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी(बीडीपीओ) अमित कुमार को ग्राम फिरोजपुर राजपूत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी फिलहाल हथीन खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के पद पर तैनात है। उसके पास होडल एवं हसनपुर ब्लॉक का भी कार्यभार रहा है।आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तावडू के गांव रानियाकी निवासी मोहम्मद यूसुफ ने मुकदमा शिकायत दी थी कि गांव के सरपंच जमशेद, सचिव रामदास एवं बीडीपीओ अमित कुमार ने फर्जी कागजात तैयार कर ग्राम पंचायत की फिक्स डिपॉजिट से एक करोड़ 60 लाख 70 हजार रुपये निकालकर गबन किया। इसके बाद तत्कालीन जिला उपायुक्त ने जांच की और दोषी पाए जाने पर तीन अप्रैल 2019 को मामला दर्ज करवाया गया। जांच में सरपंच जमशेद की 10वीं की मार्कशीट फर्जी पाई गई। जिला उपायुक्त ने उसे निलंबित कर दिया था। मामले की जांच तत्कालीन एसडीएम द्वारा भी की गई। मामला पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तक पहुंचा। एफआईआर में इसका भी उल्लेख है। जांच अधिकारी ने बताया कि सभी तथ्यों की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। बीडीपीओ अमित कुमार की पूर्णकालिक ड्यूटी हथीन में थी।
संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया था
पंचायत समित चेयरमैन व सदस्यों ने बीडीपीओ से इस मामले में पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। फर्जीवाडे़ की शिकायत जिला उपायुक्त से लेकर पंचायती राज मंत्री व मुख्यमंत्री तक की गई। जांच में दोषी पाए जाने पर तावडू पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच अधिकारी भरत सिंह ने बताया कि अमित कुमार के खिलाफ वर्ष 2019 में धोखाधड़ी, सरकारी धन के गबन, गलत रिकॉर्ड बनाने एवं षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज है।