गणेश प्रतिमा की स्थापना और पूजा-अर्चना की तैयारियों को लेकर लोग करते रहे खरीदारी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गणेश चतुर्थी आज श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। पर्व को लेकर शहर के बाजारों में रविवार को दिनभर चहल-पहल बनी रही। गणेश चतुर्थी पर घरों में भगवान गणेश की प्रतिमा की स्थापना और पूजा-अर्चना की तैयारियों को लेकर लोग खरीदारी करते नजर आए। बाजारों में विशेष रूप से महिलाओं की भीड़ दिखाई दी।
गणेश चतुर्थी के लिए महिलाओं ने भगवान गणेश की विभिन्न प्रकार की मूर्तियों के साथ पूजा-पाठ का सामान, फूल, सजावटी सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की खरीदारी की। बाजारों में जगह-जगह गणेश जी की आकर्षक मूर्तियां सजी दिखाई दीं। छोटी से लेकर बड़ी मूर्तियों तक अलग-अलग डिजाइन और आकार उपलब्ध होने के कारण लोग अपनी पसंद के अनुसार मूर्तियां खरीदते नजर आए।
विज्ञापन
सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई थी। दुकानों पर गणेश जी की मूर्तियों के साथ पूजा सामग्री की बिक्री भी बढ़ी रही। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए पहले से ही विभिन्न प्रकार की मूर्तियां और पूजन सामग्री मंगाकर रखी थी। बाजार में रंग-बिरंगी सजावटी सामग्री और गणेश प्रतिमाओं से माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
महिलाओं ने परिवार के साथ गणेश चतुर्थी की तैयारियों के लिए खरीदारी की। कई लोगों ने घर में गणेश जी की स्थापना के लिए आकर्षक प्रतिमाएं खरीदीं। बाजारों में बढ़ी भीड़ के चलते दुकानदार भी उत्साहित नजर आए।
गणेश चतुर्थी को लेकर शहर में बने उत्साह और बाजारों की रौनक से पर्व का माहौल एक दिन पहले ही दिखाई देने लगा। सोमवार को श्रद्धालु विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।