11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सभी निजी स्कूलों में योगाअभ्यास किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिलेभर में कई जगहों पर आयुष विभाग और ब्रह्माकुमारीज संस्था के संयुक्त तत्वावधान में योग दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर 350 से अधिक पौधे रोपे गए। साथ ही जिला आयुष विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी सीएचसी, पीएचसी, औषधालयों में पौधरोपण कार्यक्रम रखा गया। जिसमें सभी कर्मचारियों ने पौधरोपण कर संदेश दिया कि हरित पर्यावरण ही मानव जीवन का आधारस्तंभ है।
आयुष ग्राम बडौली में आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ. उर्वशी ने पौधरोपण कार्यक्रम किया तथा उपस्थित लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। जिला आयुष कार्यालय में भी विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस दौरान नागरिक अस्पताल की आयुष औषधि वाटिका में जिला आयुष अधिकारी डॉ. संजीव कुमार, डॉ. हमीदुल्लाह, डॉ. सूरजभान, डॉ. इरफान, डॉ. कुलदीप प्रसाद, हेड असिस्टेंट देवेन्द्र सिंह, सुजीत कुमार व स्टाफ ने जामुन, अमरूद व शहतूत समेत कई पौधों को रोपा।
साथ ही जिला आयुष अधिकारी ने इस मौके पर सभी को पेड़-पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प दिलाया। डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि आज के समय में जहां पर्यावरण को बहुत नुकसान पहुंच रहा है इस तरह के कार्यक्रम से लोगों में जागरूकता बढ़ती है तथा पर्यावरण के महत्व के बारे में पता चलता है। पर्यावरण को हरा भरा रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। हम सभी को पर्यावरण को साफ स्वच्छ रखना चाहिए तथा पौधारोपण के महत्व को सभी को बताना चाहिए।
-
स्कूल में किया गया योगाभ्यास
आयुष विभाग के निर्देशानुसार बृहस्पतिवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सभी निजी स्कूलों में योगाभ्यास आयोजित किया गया। इसमें आयुष विभाग के योगाचार्य अभयपाल रावत, योगाचार्य ज्ञानचंद, लोकेश ने योग प्रोटोकॉल करवाया। साथ ही सभी बच्चों, अध्यापकों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। योग प्रोटोकॉल के बाद पौधरोपण भी किया गया।
-
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पौधरोपण कर पौधों को बचाने का लिया संकल्प
होडल। नेशनल हाईवे स्थित गांव भुलवाना में बने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मचारियों के अलावा डॉक्टरों ने एक पेड़ लगाने का संकल्प लिया। उन्होंने पेड़ की देखभाल करने का भी वादा किया। कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. पंकज ने कहा कि धरती की सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने चाहिए। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही सादगीपूर्ण जीवन शैली और सात्विक शाकाहारी भोजन अपनाने की सलाह दी। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण कुमार,डॉ. अंजू संसार सिंह ,चेतराम, गिरधारी, कंचन, ज्योति सहित अन्य स्टॉफ मौजूद रहे।
एक पेड़ मां के नाम’ 2.0 अभियान के पर उपायुक्त ने किया जागरूकता
पलवल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बृहस्पतिवार को गांव बहीन में ग्रामीणों, एनसीसी कैडेट्स, विद्यार्थियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ 2.0 अभियान के तहत पौधारोपण का अभियान का आगाज किया। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि पृथ्वी हमारी माता है और इसका संरक्षण करना हम सबका हमारा धर्म है। उन्होंने बताया कि यहां एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें से 700 पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा यहां 15 हजार पौधे पहले ही लगाए जा चुके हैं। संवाद