पलवल। सदर थानांतर्गत गांव औरंगाबाद के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में पढ़ने वाली दो सगी बहनों का अपहरण कर 15 लाख की फिरौती मांगने का मामला सामने का आया है। पुलिस ने दोनों बहनों को सकुशल बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बच्चियों के पिता की शिकायत पर महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सदर थाना प्रभारी सुमन कुमार के अनुसार, सोमवार दोपहर को गांव औरंगाबाद निवासी करण सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी साली अंजू का फोन आया कि दोनों बेटियों का अपहरण कर लिया है और 15 लाख रुपये ले आओ तथा उन्हें ले जाओ। करण सिंह ने स्कूल में जाकर पूछताछ की तो पता चला कि कोई अंजू नामक महिला आई तथा छठी कक्षा में पढ़ने वाली मनीषा और सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली हेमलाता को बुलवाया। उसने कहा कि वह बच्चियों की मौसी है और इनका मामा बीमार है। बच्चियों के माता-पिता भी वहीं है और इन्हें भी बुलवाया है।
पुलिस ने तुरंत की मोबाइल नंबर की लोकेशन निकाली और दोनों बच्चियों को गांव सीकरी स्थित एक मकान से बरामद कर ली। मौके से पुलिस ने आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया। करण सिंह ने शिकायत दी है कि उसकी साली अपने पति से अलग रहती है तथा किसी बात को लेकर उसका अंजू के साथ विवाद चल रहा है, जिसका बदला लेने के लिए उसने अपहरण किया।