- शोर मचाने पर सोने की चेन व नकदी लूटकर फरार हुए आरोपी
- चुनाव जीतने के बाद पहले भी सरपंच पर हमला कर चुके हैं आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। चुनावी रंजिश को लेकर गांव प्रहलादपुर के सरपंच के साथ मारपीट कर अपहरण का प्रयास किया गया। सरपंच के गले से सोने की चेन और 3700 रुपये लूटकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़ित सरपंच की शिकायत पर तीन नामजद सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मलखान सिंह के अनुसार गांव प्रहलादपुर निवासी पदम ने बताया कि वह वर्तमान में गांव का सरपंच है। बीती 18 सितंबर की सायं के करीब साढे आठ बजे खेतों से वापस गांव की तरफ आ रहा था। गांव प्रहलादपुर निवासी महेंद्र उर्फ टिंकू, योगेश, आशीष व दो अन्य ने रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी। अपहरण की नीयत से खींचकर ले जाने लगे। शोर मचाने पर लोगों को आते देख गले में पहनी हुई सोने की चेन और जेब में रखे 3700 रुपये लूट लिए। आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी देकर गए हैं। सूचना मिलने पर परिजनों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। शिकायत में कहा गया कि हमलावर गांव में सरपंची के चुनाव की रंजिश रखते हैं और इसी रंजिश को लेकर पहले भी हमला कर चुके हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।