पिता की शिकायत पर पॉक्सों एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की
पलवल। शहर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय छात्रा का पीछा करने, छेड़छाड़ करने और जबरन स्कूटी पर बिठाकर ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि उसकी बेटी एक स्कूल में कक्षा 10वीं की छात्रा है और रोजाना ट्यूशन पढ़ने जाती है। आरोप है कि कुलदीप नाम का युवक कई दिनों से उसकी बेटी का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था। 3 फरवरी को दोपहर करीब 12 बजे जब छात्रा ट्यूशन जा रही थी, तभी कुलदीप काले रंग की स्कूटी पर आया और जबरदस्ती उसे खींचकर स्कूटी पर बिठाने लगा। भीड़ एकत्र होने पर वह जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। विशेष रिपोर्ट मजिस्ट्रेट को भेजी गई है। मामले की जांच पीएसआई इंदु को सौंपी गई है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। संवाद