आरोपियों ने धमकी दी कि एक महीने में गांव छोड़ दो, नहीं तो जान से मार देंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। जिले के बंचारी गांव में शनिवार सुबह करीब आठ बजे रंजिश करीब आधा दर्जन युवकों ने चार लोगों पर तलवार और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की शिकायत बलबीर ने मुंडकटी थाने में दर्ज कराई है। उनके अनुसार, रोहित व उसके मामा के बेटे जूली, मंजीत और बिजेंद्र ने पहले प्रकाश को गालियां दीं और फिर हाथापाई शुरू कर दी।
इस दौरान बीच-बचाव करने आए कपिल, रोहित, सनी और यशपाल पर भी हमला कर दिया गया। बताया गया कि बिजेंद्र ने सनी की पीठ पर तलवार से वार किया, जिसके बाद सनी जान बचाकर अपने घर भाग गया। आरोप है कि मंजीत और रोहित ने घर में घुसकर सनी के चचेरे भाई रोहित और कपिल पर चाकुओं से हमला कर दिया। दोनों के पेट, छाती और सिर से खून बहने लगा।
हमले के बाद आरोपी जूली ने तलवार और चाकू लहराते हुए धमकी दी कि एक महीने के भीतर गांव छोड़ दो, नहीं तो जान से मार देंगे। फिलहाल घायल रोहित और कपिल को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मुंडकटी थाना पुलिस ने बलबीर की शिकायत पर चार नामजद समेत आधा दर्जन से अधिक आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।