संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। हथीन तहसील परिसर में डीड राइटर के मामा वारिश पर 15 से 20 लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर मारपीट के दौरान उनकी जेब से रजिस्ट्री के 40 हजार रुपये लूट ले गए। मामले में पुलिस ने 15 नामजद समेत 30 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हथीन थाना प्रभारी नरेश कुमार के अनुसार, नूंह के जांडोली गांव निवासी सैफ हथीन में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके मामा वारिश तहसील में वकील के पास मुंशी का काम करते हैं। 27 अक्तूबर को अंधरौला गांव के मुफीद, मौसम, असलम, मुल्ला, सफीरुक, जुनेद, सब्बू, शाहरुख, मनसूर, साहिब, जैद, आकिब, अबसर और महबूब तथा गोहपुर गांव का जावेद 15-20 साथियों के साथ लाठी-डंडे, रॉड व बंदूक लेकर पहुंचा और मामा को को जान से मारने की धमकी दी। डर के मारे वारिश पास के खोखे में चले गए, जहां से हमलावरों ने बाहर खींचकर उन्हें पीटा और जेब से 40 हजार रुपये निकाल ले गए। घायल को सीएचसी से रेफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।