नीरज फरीदपुर गैंग के बदमाश से ग्लॉक पिस्टल, रिवॉल्वर और 226 कारतूस बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) पलवल यूनिट ने अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की। एसटीएफ ने 50 हजार रुपये के इनामी एवं नीरज फरीदपुर गैंग के सक्रिय बदमाश सोनू उर्फ प्रमोद निवासी बजौता, अलीगढ़ (यूपी) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। इसी मामले में जिले के गांव मिल्कगनी निवासी ललित उर्फ ललती को भी प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को अवैध हथियारों की सप्लाई करने के आरोप में पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसटीएफ पलवल प्रभारी निरीक्षक अनिल छिल्लर ने बताया कि मुंडकटी थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में शनिवार को गिरफ्तार किए गए सोनू उर्फ प्रमोद को होडल अदालत से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर एक अवैध ग्लॉक पिस्टल, एक अवैध रिवॉल्वर और 226 कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि सोनू उर्फ प्रमोद नीरज फरीदपुर गैंग के लिए हथियार उपलब्ध कराने का काम करता था। गैंग की आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में उसकी अहम भूमिका बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा और उत्तर प्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, फिरौती, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह बुलंदशहर के काकोड़ थाने में दर्ज एक मामले में काफी समय से फरार था, जिस पर बुलंदशहर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था।
दूसरे आरोपी ललित उर्फ ललती के खिलाफ भी पलवल, फरीदाबाद और गुरुग्राम सहित विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट और जेल अधिनियम समेत 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। एसटीएफ का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान हथियारों की सप्लाई चेन, गैंग के अन्य बदमाशों और अवैध नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।