नूंह। शहर में लगातार बढ़ रहे अवैध अतिक्रमण और बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से परेशान लोगों को राहत दिलाने के लिए मंगलवार को नगर परिषद और प्रशासन ने संयुक्त रूप से व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट रवि तंवर के नेतृत्व में चले इस अभियान के दौरान पशु पैठ तिराहे से लेकर कबीर मंदिर तक सड़क के दोनों ओर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
अभियान के दौरान दुकानों के बाहर रखे तख्त, सड़क किनारे संचालित पंचर की दुकानें, रेहड़ियां, अवैध रूप से लगाए गए खोखे तथा अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने स्वयं भी अपना सामान हटाया, जबकि शेष अतिक्रमण को नगर परिषद की टीम ने मौके पर साफ कराया।
नगर परिषद अध्यक्ष मनीष जैन ने कहा कि शहर में किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजार और मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।