आम आदमी पार्टी की प्रदेश की राजनीति पर पैनी नजर है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा में चुनाव लड़ने की घोषणा कर कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश संयोजक नवीन जयहिंद ने मंगलवार को अमर उजाला के साथ विशेष बातचीत में पार्टी की भविष्य की रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियों में ईमानदारी और जनहित की राजनीति करने वाले स्वच्छ छवि के नेताओं से भी पार्टी संपर्क बनाए हुए है।
जयहिंद ने कहा कि हरियाणा प्रदेश इस समय बहुत ही खराब हालात से गुजर रहा है। प्रदेश की भाजपा सरकार ने अपनी कार्यशैली पर चलते हुए प्रदेश को जातीय हिंसा में धकेल कर बांटने का प्रयास किया। हरियाणा में सांप्रदायिक दंगों की कोई गुंजाइश नहीं थी, जिसके चलते इस प्रकार की खतरनाक योजना बनाई गई, जिससे पूरा प्रदेश जल उठा। दंगों की आड़ में भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र की सभी घोषणाओं को गौण कर दिया।
उन्होंने कहा कि आप ने एक विशेष प्रचार योजना बनाकर प्रदेश के भाईचारे को बहाल करने की भूमिका तैयार कर ली है। इसके तहत शहरों के गली मोहल्लों व गांवों में जाकर लोगों में आए मनमुटावों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा, तथा पार्टी के संगठन का भी विस्तार किया जाएगा।
आप पहले से ही जनसमस्याओं को विभिन्न मंचों से उठा रही है, इसके माध्यम से प्रदेश की जनता की तकलीफों को सूचीबद्ध कर प्रभावशाली तरीके से प्रादेशिक मंच पर उठाकर विपक्ष की सक्रिय भूमिका निभाएगी।
जयहिंद ने दावा किया कि पंजाब में आप की इकतरफा लहर चल रही है। पंजाब में पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।
हरियाणा में भी पार्टी ने अपना अभियान शुरू कर दिया है। प्रदेश में इस समय न तो कोई सरकार है और न ही कोई विपक्ष। इनेलो जहां बीजेपी की बी टीम की भूमिका में है, वहीं कांग्रेस में जूतों में दाल बंट रही है। कांग्रेस आलाकमान ने जनता द्वारा नकार दिए गए कुलदीप बिश्नोई की पार्टी को कांग्रेस में मिलाकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है।