संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव में शनिवार रात लंका दहन और सीता खोज की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। निर्देशक नरेश गर्ग और सह निर्देशक संदीप अग्रवाल के निर्देशन में कलाकारों ने शानदार अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। लीला में जामवंत के स्मरण कराने पर हनुमान समुद्र लांघकर लंका पहुंचे और अशोक वाटिका में माता सीता को श्रीराम की मुद्रिका सौंपी। इसके बाद हनुमान ने वाटिका उजाड़ दी। अक्षय कुमार के वध के बाद मेघनाथ उन्हें बंदी बनाकर रावण के दरबार में ले गया। हनुमान ने रावण को माता सीता को सम्मानपूर्वक लौटाने की सलाह दी, लेकिन रावण नहीं माना। इसके बाद हनुमान ने लंका दहन किया। इस दृश्य पर पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। माली-मालन के हास्य अभिनय ने भी दर्शकों को खूब हंसाया। कलाकारों की प्रस्तुति की दर्शकों ने सराहना की।