बूंदाबांदी से मिली राहत, पारा गिरा
पलवल। पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी से बृहस्पतिवार को लोगों को कुछ राहत मिली। जिले में बृहस्पतिवार सुबह तड़के चार बजे से शुरू हुई बूंदाबांदी से जहां तापमान में गिरावट आई, वहीं गर्मी से राहत मिली। चार बजे से शुरू हुई बूंदाबांदी दोपहर तक होती रही।
बूंदाबांदी से बचने के लिए लोग छाता का इस्तेमाल करते नजर आए। दोपहर बाद बरसात रुकने के बाद लोग सड़कों पर दिखाई दिए। बूंदाबांदी शुरू होने के कारण गर्मी से राहत मिली, लेकिन शहर में जलभराव होने की समस्या का डर सताता रहा। तीन-चार घंटे की बूंदाबांदी से हालांकि कई स्थानों पर जलभराव हो गया। सचिवालय के सामने ही राजमार्ग की सड़क पर जलभराव हो गया। गनीमत यह रही कि ज्यादा बरसात नहीं हुई और दोपहर 12 बजे के करीब बूंदाबांदी भी रुक गई। जिससे शहर के अंदर जलभराव की समस्या नहीं बनी।
शहर के लोगों का कहना था कि सावन माह की पहली बरसात हो चुकी है तथा अब आगे और भी बरसात होने की संभावना बन गई। प्रशासन से लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द शहर के नालों व नालियों की सफाई कराई जाए, ताकि बरसात होने पर शहर में जलभराव की समस्या न बने।