पलवल। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ एवं शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के तत्वावधान में नौकरी बहाली को लेकर अनशन शनिवार को 279वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान लघु सचिवालय पर धरना-प्रदर्शन कर उन्होंने प्रदेश सरकार से पीटीआई को समायोजित करने की मांग उठाई। अध्यापक नेताओं ने कहा कि सरकार के पीटीआई को बर्खास्त करने के बाद समायोजित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन नौ महीने बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि अध्यापकों ने सरकार की बात पर पूरा भरोसा करते हुए आंदोलन को शांति पूर्वक चलाए रखा, लेकिन सरकार पर यकीन करना पीटीआई परिवारों को भारी पड़ रहा है। नौ महीने के बाद भी समायोजन की प्रक्रिया को पूरी नहीं की गई है। इतना ही नहीं सरकार ने 816 कला शिक्षकों को बर्खास्त कर उनके परिवारों को भी बेरोजगार कर दिया है। अध्यापक संघ सरकार से मांग करता है कि सरकार शीघ्र जनहित को देखते हुए विधानसभा में अध्यादेश लाकर 816 कला शिक्षकों सहित पीटीआई के समायोजन की प्रक्रिया पूरी करे, अन्यथा अध्यापकों और कर्मचारियों को आंदोलन तेज करने पर मजबूर होना पड़ेगा। इस मौके पर बलजीत सिंह शास्त्री, हरिचंद वर्मा, राकेश शर्मा, थान सिंह, जोगिंद्र डागर, रामपाल अत्री, रमेश तेवतिया आदि मौजूद रहे।