सड़क हादसों में दो की मौत, केस दर्ज
पलवल। गदपुरी थाना अंतर्गत अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गदपुरी थाना पुलिस प्रभारी इंस्पेक्टर जंगशेर ने बताया कि पहले मामले में गांव अतरचटा निवासी रिंकू ने शिकायत में कहा है कि 10 जुलाई को उसके पिता सुखीराम व फुलवाड़ी निवासी धर्मवीर बाइक से मिंडकौला से गांव लौट रहे थे। मिंडकौला के समीप ही एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे सुखीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जहां पर स्थिति गंभीर होने के कारण रेफर कर दिया गया। सोमवार रात को उनकी एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि परिजनों ने कार के नंबर दिया है, उसके आधार पर कार चालक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही कार चालक के गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं दूसरे मामले में मान सिंह निवासी शादीपुर गांव, थाना पिसावा, जिला अलीगढ़ यूपी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि सोमवार को मगेंद्र ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि माधव सिंह उर्फ माधू को जनौली-बघौला रोड पर हिंद टर्मिनल कंपनी के समीप किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।