किसानों को जारी होंगे पशुधन क्रेडिट कार्ड
पलवल। दुधारू पशु खरीदने के लिए किसानों को अब पशुधन क्रेडिट कार्ड जारी किए जाएंगे। इन कार्डों पर किसान चार हजार से लेकर तीन लाख रुपये तक ऋण ले पाएंगे। कार्ड बनाने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग तरफ से पशु अस्पताल में शिविर लगाया जाएगा। शिविर में 15 जुलाई तक किसानों को मौके पर पशुधन क्रेडिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
पशुपालन विभाग की उपनिदेशक डॉ. नीलम आर्या ने बताया कि किसानों की आर्थिक हालत सुधारने और श्वेत क्रांति को बढ़ावा देने के लिए योजना शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में 26 हजार पशुपालकों के कार्ड बनाने का लक्ष्य विभाग द्वारा दिया गया है। इसके लिए खंड स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि किसान को तीन से ज्यादा पशुओं पर ऋण लेना हो तो पशुपालक को बैंक द्वारा निर्धारित शर्तों का पालन करना होगा। गाय के लिए 40 हजार 783 रुपये एवं भैंस के लिए 60 हजार 249 रुपये और भेड़ व बकरी के लिए 4 हजार 63 रुपये तथा सुअर के लिए 16 हजार 337 रुपये का ऋण दिया जाएगा। पशुपालक को यह ऋण छह आसान किस्तों में एक साल के अंदर भुगतान करना होगा।