संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां । सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव ढाना निवासी कैंटर चालक सादुन की मौत हो गई। हादसा बुधवार तड़के करीब 4:15 बजे पीपली टोल के पास हुआ, जब लोहे के पाइपों से लदा कैंटर सड़क पर खड़े एक ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर में लदे लोहे के भारी पाइप केबिन को चीरते हुए अंदर घुस गए और चालक सादुन उसमें बुरी तरह फंस गया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर हाईवे अथॉरिटी और राहगीरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक के भाई उमर मोहम्मद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सादुन भिवाड़ी की एक निजी कंपनी से लोहे के पाइप लेकर मोहाली जा रहा था। आरोप है कि पीपली टोल के आगे एक ट्रक बिना किसी इंडिकेटर और सुरक्षा संकेतों के सड़क पर खड़ा था, जिससे अंधेरे में यह हादसा हो गया। खरखौदा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।