संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर थाना क्षेत्र के गोरिल्ला मोहल्ले में पुलिस ने अवैध शराब बेचने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 44 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस को देखकर आरोपी शराब की पेटी छोड़कर गलियों से फरार हो गया। पुलिस ने गोरिल्ला मोहल्ला निवासी आरोपी भारत उर्फ अंडा के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। शहर थाना प्रभारी नरेंद्र राणा के अनुसार, बृहस्पतिवार की रात हथीन गेट चौकी में तैनात एएसआई प्रेम सिंह एसपीओ हरीचंद के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि भारत उर्फ अंडा अपने घर के सामने खुले में शराब बेच रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक व्यक्ति मकान के सामने शराब की पेटी लेकर बैठा था। पुलिस को देखकर वह पेटी छोड़कर गलियों से भाग गया। तलाशी में पेटी से आइकॉनिक व्हाइट के 32 और रॉयल चैलेंज के 12 पव्वे मिले। पुलिस ने शराब कब्जे में लेकर नमूने लिए और ई-साक्ष्य एप पर वीडियो अपलोड की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।