- पांच लाख रुपये नकद और गाड़ी की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
- पिता की शिकायत पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। गांव आलीमेव में 23 वर्षीय विवाहिता रिज़वाना की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के पिता के बयान पर बहीन थाना पुलिस ने दहेज हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी जोगेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्थान के निंबाहेड़ी थाना टपूकड़ा निवासी इकबाल ने केस दर्ज कराया है कि उसने वर्ष 2022 में अपनी पुत्री रिज़वाना का निकाह आलीमेव निवासी जमशेद के साथ किया था।
ससुराल पक्ष अधिक दहेज की मांग को लेकर रिज़वाना को प्रताड़ित करता था। पांच लाख रुपये नकद एवं एक गाड़ी की मांग की जा रही थी। 19 सितंबर शुक्रवार की रात को ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर रिज़वाना की हत्या कर उसे लटका दिया। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता इकबाल की शिकायत पर पति जमशेद, सास अमीना, ससुर जब्बार, जेठ मुन्फेद, जेठानी सायना एवं दो अन्य के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।
मृतका के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल पलवल में कराया जा रहा है। जांच अधिकारी जोगेंद्र का कहना है कि उन्हें रिज़वाना का शव घर के आंगन में मिला। ग्रामीणों ने बताया कि रिज़वाना की मौत स्नानघर में हुई। स्नानघर में लाश लटकी मिली। पुलिस जब पहुंची, उस समय तक ग्रामीणों ने स्नानघर से शव को घर के आंगन में लाकर रखा हुआ था।
जांच अधिकारी जोगेंद्र ने संबंधित स्नानघर की जांच की। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। ससुराल पक्ष एवं मायके पक्ष के लोगों के बीच कई घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भिजवाया।
ससुराल पक्ष का कहना है कि रिज़वाना ने आत्महत्या की है। उनके ऊपर हत्या के जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे सभी निराधार हैं। जांच अधिकारी जोगेंद्र का कहना है कि गहनता से सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मृतका रिज़वाना का पति जमशेद टैक्सी चलाता है।