पलवल। अलीगढ़ रोड पर किठवाड़ी पुल के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं, कुछ दूर चलकर डंपर ने एक कार व अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी, जिसमें कई लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद भीड़ ने आरोपी चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार मूलरूप से अलीगढ़ के अतरौली थाना क्षेत्र के खेड़िया बहादुरगढ़ी निवासी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि वह बल्लभगढ़ की निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। 24 फरवरी की शाम चार बजे वह पत्नी गंगा देवी के साथ बाइक से गांव जा रहे थे। जब वे किठवाड़ी पुल के पास पहुंचे, तभी किठवाड़ी चौक की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर पड़े और पत्नी डंपर के पहियों के नीचे आ गई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। डंपर ने आगे चल रही एक कार और अन्य वाहनों को भी टक्कर मारी, जिससे कई लोग घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने डंपर का पीछा कर चालक को पकड़ लिया। चालक की पहचान यूपी के एटा निवासी राज बहादुर के रूप में हुई है। हादसे में हुडा चौक निवासी रामवती, हथीन निवासी चम्पा व अन्य घायल हो गए। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संवाद