फंदे से लटका मिला गर्भवती महिला का शव
हथीन। गांव जराली में 25 वर्षीय गर्भवती महिला का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक महिला के पिता की शिकायत पर ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच अधिकारी आबिद ने बताया कि नूंह जिले के ग्राम सिंगार की रहने वाली फरमिना का निकाह जराली थाना उटावड निवासी तल्हा के साथ हुआ था। उनके दो बेटी और एक बेटा है। मृतक फरमिना के पिता दीन मोहम्मद का आरोप है कि ससुराल वाले पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। उनका स्पष्ट कहना है कि फरमिना की हत्या दहेज के लिए की गई है। उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटकाया गया है। फरमिना चार महीने की गर्भवती भी थी। जांच अधिकारी ने बताया कि पति तल्हा, सास असमीना, ननद जाफरान, ससुर जाकिर और हनीफ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम कराकर शव मायके वालों के सुपुर्द कर दिया गया है। मायके सिंगार में ही उसका अंतिम संस्कार किया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।