गांव पावशर के लोगों को आवागमन में आ रही परेशानी, दुर्गंध से हाल खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
बहीन। गांव पावशर की मुख्य फिरनी की हालत खस्ताहाल होने के कारण ग्रामीणों को कीचड़, गंदे पानी और ऊबड़-खाबड़ रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता जगह-जगह ऊंचा-नीचा होने के साथ गड्ढों में तब्दील है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, रास्ते के साथ बनी नालियों की भी नियमित सफाई नहीं होती। इसके चलते नालियों का गंदा पानी रास्ते पर जमा हो जाता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मुख्य फिरनी की मरम्मत कराने और नालियों की नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने दुर्गंध की भी शिकायत की है।
ग्रामीणों से बातचीत
न रास्तों की स्थिति पर ध्यान दिया जा रहा है और न ही नालियों की साफ-सफाई कराई जा रही है। बारिश के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं।
- मुबारिक
गांव के रास्तों की हालत खराब है और पानी की समस्या भी बनी हुई है। इन समस्याओं के समाधान की ओर किसी का ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
- राशिद
नालियों में गंदा पानी जमा होने से सड़ांध और बदबू बनी रहती है। इसके कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। गंदगी के चलते बीमारियां फैलने का डर है।
- इस्लाम
उम्र अधिक होने के कारण ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर चलने में काफी परेशानी होती है। कई बार रास्ते में गिर भी जाते हैं। रास्ता ठीक किया जाए।
- हाजिम
वर्जन
रास्ता जल्दी ही बन जाएगा। नलियों से पानी निकासी व उनकी साफ-सफाई पंचायत समय समय करवा रही है।
- नईम, मुखिया प्रतिनिधि