पिनगवां। ग्राम पंचायत पिनगवां की ओर से हर वर्ष आयोजित होने वाले विशाल कुश्ती दंगल की तारीख में बदलाव किया गया है। पहले यह दंगल 7 नवंबर को आयोजित होना था, लेकिन दीपावली पर्व के चलते अब इसका आयोजन 16 नवंबर को किया जाएगा। दंगल में हरियाणा सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से नामी पहलवान पहुंचकर अखाड़े में अपना दमखम दिखाएंगे। इस दौरान पहलवानों के बीच बड़ी इनामी कुश्तियां कराई जाएंगी।
सरपंच प्रतिनिधि मनोज तंवर ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से हर वर्ष विशाल कुश्ती दंगल का आयोजन कराया जाता है। इस बार भी दंगल को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पहले इसके आयोजन की तारीख 7 नवंबर निर्धारित की गई थी, लेकिन दीपावली पर्व को देखते हुए ग्रामीणों और खेल प्रेमियों की सुविधा के लिए तारीख बदलकर 16 नवंबर कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस दंगल में देश के विभिन्न हिस्सों से नामी पहलवानों के पहुंचने की उम्मीद है। अखाड़े में पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे और विजेता पहलवानों को आकर्षक इनाम दिए जाएंगे। कुश्ती मुकाबलों के साथ युवाओं के लिए दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित कराई जाएगी। उन्होंने क्षेत्र के खेल प्रेमियों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।