फिरोजपुर झिरका। एक तरफ जहां भीषण गर्मी का कहर लोगों पर टूट रहा है। वहीं बिजली की आपूर्ति बाधित होने से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। इसके कारण पीने का पानी भी नहीं मिल रहा। लोगों को दूर-दराज से सिर पर मटका रखकर पानी लाना पड़ रहा है। गौरतलब है कि कस्बे में 33 केवी क्षमता का पावर हाउस है। उस पर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के 9 फीडर का लोड है। ग्रामीण फीडर में फाल्ट होने पर क्षेत्र में बिजली गुल हो जाती है। इस वजह से शहर और गांवों में लोगों को बिजली किल्लत से जूझना पड़ रहा है। एक सप्ताह से बिजली के अघोषित कटों ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। एक फीडर में फाल्ट होने पर उसका सीधा असर 33 केवी सबस्टेशन पर पड़ता है। एसडीओ बिजली बोर्ड से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि बिजली उत्पादन पीछे से ही कम है। जबकि फिरोजपुर झिरका के नजदीक इसी वर्ष 220 केवी बिजली पावर हाउस चालू किया गया है। खंड के हिरवाडी व अगोन गांव में जल्द ही 33 केवी क्षमता के पावर हाउस स्थापित किए जाएंगे।