मेवात। हथनगांव में कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर बुधवार को हुई खूनी झड़प में एक पक्ष के 18 लोग घायल हो गए। इनमें पांच लोगों की हालत गंभीर है। घायलों का पुन्हाना के सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि गंभीर रूप से घायलों को मांडीखेड़ा के अल आफिया अस्पताल व गुड़गांव रेफर किया गया है। इस मामले में पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
हथनगांव के निवासी हाजी मुबीन, हल्लू व हसन मोहम्मद ने बताया कि कब्रिस्तान की चारदीवारी का काम चल रहा है। आरोप है कि शमशुद्दीन कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहता है। सरपंच के भाई इतबारी नंबरदार ने बताया कि शमशुद्दीन ने चारदीवारी पर अपने मकान की दीवार खड़ी करनी शुरू कर दी। उसे रोकने के लिए जब गांव के प्रमुख लोग गए, तो वहां मौजूद लोगों ने पहले उन पर पथराव किया। उसके बाद देसी पिस्तौल से फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में चार महिलाओं समेत 18 लोग घायल हो गए। घायलों में हल्लू, लालू, सबीला, सलमा, हनीफ, हस्सन, आरिफ, रहमती, मजीद, हाजी मुबीन, अरशद, मूसा, अख्तर, जुनैद, वसीम, इरशाद और साजिद शामिल हैं। इनमें सबीला समेत चार की हालत गंभीर है।
पुन्हाना पुलिस ने हब्बू की शिकायत पर मम्मू, कम्मा, जुबेर, यासीन, साजिद, साहिद, इकबाल, इदरीश, जानू, अस्सा, जेकम, वकील, महमूद समेत 16 लोगाें के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 464 के तहत मामला दर्ज किया गया है।