मेवात। पिछले एक साल से पात्रता परीक्षा नहीं होने से बीएड और जेबीटी कर चुके युवकों में भारी आक्रोश है। बुधवार को उन्होंने नूंह के गांधी पार्क में बैठक का आयोजन किया। बैठक में अपनी मांगों को जोरदार ढंग से रखने के उद्देश्य से एक संगठन का निर्माण किया और कार्य कारिणी का गठन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 20 नवंबर तक सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में सरकार के खिलाफ आरपार की लड़ाई का ऐलान किया गया। इस मौके पर सरकार विरोधी नारे भी लगाए गए।
संगठन का नाम बेरोजगार अध्यापक संघ रखा गया है और गांव लाहाबास के अमजद खान को जिला अध्यक्ष चुना गया। कमेटी में इरफान उपाध्यक्ष, संजय खजांची, शब्बीर प्रेस प्रवक्ता बनाए गए है। उन्हाेंने बताया कि एनसीटीई के आदेशानुसार राज्य में साल में कम से कम एक बार पात्रता परीक्षा (स्टेट) करवाना जरूरी है। हरियाणा सरकार ने पिछले एक वर्ष से कोई परीक्षा नहीं कराई है। अथर खां, शकील, इरशाद, मुबारिक ने बताया कि इससे मेवात के हजारों युवकों को निराशा हाथ लगी है। बैठक में दीपक, रघुबीर, शाहिद, जहांगीर, चिरंजीव, शाहजहां, जुबेर, शमशाद आदि भी मौजूद थे।