पलवल। अटेली मंडी से डकैती के आरोप में फरार चल रहे एक आरोपी को नारनौल अपराध जांच शाखा पुलिस ने शनिवार को पलवल शहर से गिरफ्तार किया। नारनौल अपराध जांच शाखा से आए हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह व तिलक ने बताया कि 20 जुलाई 2006 में गुराकसर निवासी हनीफ ने अपने साथियों के साथ अटेली मंडी में डकैती डाली थी। हनीफ व उसके साथियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 395, 397, 341 व 342 के तहत मामला दर्ज है। मामले में फरार आरोपियों को पकड़ने की जिम्मेदारी अपराध जांच शाखा नारनौल को सौंपी गई थी। शनिवार को हनीफ को पुलिस ने पलवल शहर के मुख्य बाजार से गिरफ्तार कर सुरक्षा की दृष्टि से पलवल शहर थाना पुलिस की हिरासत में दे दिया है। राजेंद्र ने बताया कि जल्द ही अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।