सामूहिक दुष्कर्म कर विडियो वायरल करने के मामले में दो पकड़े
- महिला थाना पुलिस ने आरोपियों अदालत में पेश कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। नाबालिग लड़की का अपहरण कर सुनसान जगह पर बने कमरे में ले जा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
महिला थाना प्रभारी कमला देवी के अनुसार एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी 14 वर्षीय बेटी, जो दसवीं कक्षा की छात्रा है। गत 12 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे वह स्कूल से घर आ रही थी। उसी समय गांव निवासी लोकेश और कल्लू ने पीड़ित की बेटी का अपहरण कर लिया। आरोपी उसे सुनसान जगह पर बने एक कमरे में ले गए और उसके साथ लोकेश ने दुष्कर्म किया व कल्लू ने मोबाइल से वीडियो बनाई। जिसके बाद कल्लू ने भी पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर वीडियो को वायरल करने की धमकी दी। इस घटना के दो-तीन महीने बाद लोकेश और कल्लू ने पीड़ित की बेटी को दोबारा से पकड़ लिया और उसी कमरे में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़ित की बेटी गुमसुम रहने लगी। पीड़ित ने उससे इसका कारण पूछा तो वह वीडियो वायरल होने के भय से कुछ नहीं बता पाई। पीड़ित ने शिकायत में कहा है कि गत 26 दिसंबर को उसके भतीजे के मोबाइल पर सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो आया जिसमें पीड़ित की बेटी के साथ लोकेश व कल्लू की अश्लील वीडियो थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पीड़ित की बेटी की मेडिकल जांच कराई जहां पर उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।