पिंगोड़ में हुए झगड़े के आरोप में 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। सदर थाना इलाका स्थित गांव पिंगोड़ में स्कूली छात्रों के बीच शुरू हुए झगड़े में पथराव व दो लोगों के घायल होने के मामले में शनिवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घायल तिलकराज के भतीजे अजय की शिकायत पर चार नामजद सहित 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी हरिओम ने बताया कि गांव पिंगोड के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ने वाले फकीर (मुसलमान) जाति के नौवीं कक्षा के छात्र आसिफ व बारहवीं कक्षा के गुर्जर जाति के सरजीत के बीच शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। जिसका गांव के मौजिज लोगों ने बैठकर राजीनामा करा दिया। लेकिन शनिवार की शाम के करीब पांच बजे गांव पिंगोड़ निवासी दर्शन व तिलकराज गांव के बस स्टेंड पर खड़ी एक रेहड़ी पर समोसा खा रहे थे, इसी दौरान फकीर जाति के दस- बारह युवक वहां पहुंचे और उन दोनों के साथ लाठी, डंडो व लोहे की रॉड से मारपीट शुरू कर दी। झगड़े की जानकारी मिलते ही दोनों पक्षों के लोग वहां पहुंच गए और आपस में पथराव शुरू कर दिया। पथराव के दौरान दर्शन व तिलक राज सहित अन्य कई घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने गांव पिंगोड निवासी अजय की शिकायत पर गांव निवासी अमन, राशिद, तौफीक उर्फ चपटा , दिलशाद व आठ-नौ अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जांच अधिकारी हरिओम ने बताया कि आरोपियों की तलाश में उनकी टीम गांव में दबिश दे रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।