कार की टक्कर से बाइक सवार एक की मौत
-शादी समारोह से घर लौट रहे थे चाचा भतीजे
- नया गांव के हनुमान मंदिर के पास कार सवार मारी थी टक्कर
पलवल। कैंप थाना क्षेत्र अंतर्गत तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका भतीजा घायल हो गया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी अजीत ने बताया कि गांव जनोली निवासी नरेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 13 दिसंबर को वह तथा उसका चाचा सुभाष बाइक से गांव मोहना में शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। शादी समारोह के बाद लौटते समय बाइक को वह चला रहा था, जबकि उसका चाचा सुभाष पीछे बैठा हुआ था। जैसे वह नया गांव के पास बने हनुमान मंदिर के पास पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह कच्चे रास्ते में जा गिरा और उसका चाचा सुभाष सड़क पर गिर गया। जिसे सिर में चोट आई और वह बेहोश हो गया। पीड़ित ने लोगों की मदद से अपने चाचा को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सुभाष को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज
पलवल। सदर थाना में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी कृष्ण ने बताया कि चीनी मिल पलवल निवासी ममता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी भिवानी जिले के गोरिया गांव निवासी कर्ण सिंह के साथ हुई थी। उसने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे हैं। जब पीड़िता ने विरोध किया तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।