रोडवेज की बस ने सामान ढोने वाले टेंपो को लिया चपेट में चालक की मौत
- अलीगढ़ रोड की घटना, ससुराल जा रहा था गदपुरी निवासी मोनू
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र में अलीगढ़ रोड पर शुक्रवार को यूपी रोडवेज की बस ने एक सामान ढोने वाले टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया। इससे टेंपो चालक की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव गदपुरी निवासी अनंगपाल ने चांदहट थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसका 25 वर्षीय भतीजा मोनू सामान ढोने वाला टेंपो चलाता था। शुक्रवार की सुबह मोनू अपने वाहन को लेकर ससुराल खेड़ा (यूपी) जा रहा था। जब मोनू अलीगढ़ मार्ग पर चौधरी ढाबे के समीप पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार यूपी रोडवेज की बस ने मोनू के वाहन को अपनी चपेट में ले गया। इससे मोनू की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद आरोपी बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जांच अधिकारी एएसआई खेमचंद ने बताया कि सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए और बस की सवारियों की मदद से मोनू के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक मोनू के चाचा अनंगपाल की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं शव का पोस्टपार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।