अवैध कॉलोनी बनाने वाले प्रोपर्टी डीलरों की खैर नहीं
- उपायुक्त ने प्रशासन की मासिक बैठक में दिए आवश्यक दिशा - निर्देश
-राजमार्ग के मुख्य कटों पर लगाए जाएंगे रिफलेक्टर
पलवल। उपायुक्त डॉ. मनीराम शर्मा ने कहा कि शहर में अवैध कॉलोनी बसाने वाले प्रोपर्टी डीलर्स की अब खैर नही हैं। ऐसा करने वाले प्रोपर्टी डीलर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को रैन बसेरों और रिफलेक्टर लगाने के लिए भी आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
लघु सचिवालय में बृहस्पतिवार को प्रशासन की मासिक बैठक की गई। इसमें उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सर्दी के मौसम में विभिन्न स्थानों पर अस्थाई रैन बसेरे बनाए जाएंगे, ताकि सर्दी के मौसम में किसी व्यक्ति को परेशानी न हो। इसके अलावा सर्दी में पड़ने वाले कोहरे में दुर्घटनाओं से बचाने के लिए राजमार्ग पर सभी कटों पर रिफलेक्टर लगाए जाएंगे। इसके अलावा उपायुक्त ने जिला नगर योजनाकार विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह किसी भी प्रकार की अवैध कॉलोनी न बनने दें। अगर कोई व्यक्ति या प्रोपर्टी डीलर ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अमर उजाला में प्रकाशित जिले में सिक्कों के न चलने वाली खबर पर संज्ञान लेते उपायुक्त ने लीड बैंक के अधिकारियों को इस मामले में सख्त कदम उठाने के आदेश दिए। उपायुक्त ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की शिकायत देता है तो सिक्के न लेने वाले बैंक प्रबंधकों व दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उपायुक्त ने बताया कि जल्द ही पुराने अदालत परिसर में अंत्योदय योजना शुरू कर दी जाएगी, उस पर कार्य चल रहा है। इस अवसर पर पलवल के एसडीएम जितेंद्र कुमार, एसडीएम गजेंद्र सिंह, हथीन के एसडीएम एसके चहल, पलवल शुगर मिल के एमडी जितेंद्र गर्ग समेत अन्य मौजूद रहे।